



गांधी भवन, मण्डी में महात्मा गांधी जी की आदमकद पेंटिंग : 73 वर्षों का इतिहास।
मण्डी नगर में बहुत कम लोगों को यह जानकारी होगी कि महात्मा गांधी जी की एक आदमकद पेंटिंग चौहटा में स्थित गांधी भवन के सभागार में आज भी सुसज्जित है।
बचपन से ही मेरे मन में इसे लेकर एक जिज्ञासा रही है। जब भी 2 अक्टूबर को विद्यालय की ओर से बच्चों को प्रातः प्रभात फेरी के लिए गांधी भवन बुलाया जाता था, तो मेरी नजर बरबस इस पेंटिंग पर टिक जाती थी।
बाद के वर्षों में मन में यह जिज्ञासा और प्रबल हुई कि आखिर इस पेंटिंग के रचयिता कौन थे? किस कलाकार ने महात्मा गांधी जी की इस आदमकद पेंटिंग को बनाया होगा? हालांकि, इस दिशा में उस समय कोई विशेष प्रयास नहीं किया।
जब अपने इतिहास और विरासत को जानने की जिज्ञासा बलवती हुई तो इस पेंटिंग के इतिहास की खोजबीन शुरू की। लेकिन किसी भी पुस्तक में इसके चित्रकार के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इसी अनुत्तरित प्रश्न का उत्तर तलाशने के लिए जब इधर-उधर जानकारी जुटानी शुरू की तो परम श्रद्धेय पंडित भवानी दत्त शास्त्री जी द्वारा वर्ष 2000 में लिखा गया एक आलेख पढ़ने को मिला। इस आलेख से इस पेंटिंग के निर्माण से लेकर गांधी भवन में इसकी स्थापना तक की पूरी यात्रा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
पंडित भवानी दत्त शास्त्री जी ने अपने हस्तलिखित लेख -"संक्षिप्त परिचय, मण्डी मण्डल हिमाचल प्रदेश"
में इस पेंटिंग के संबंध में जो विवरण प्रस्तुत किया है, उसे उनके मूल शब्दों में अक्षरशः नीचे उद्धृत कर रहा हूं,
"बड़े आदर और प्यार से प्राप्त राजप्रासादों के शांत और विशाल वातावरण में कार्याधिक्य होने पर भी मैं यथाप्राप्त समय पर कई चित्रों को भी चित्रित कर पाया। लगभग 300 चित्र मेरे पास सुरक्षित हैं। इनमें आदमकद चित्र महात्मा गांधी का है।साहित्य सदन में यह प्रधान स्थान पर रखा होता था। इसके सामने ही सदन के सभी कार्य होते रहे। इसका प्रारम्भ 2 अक्टूबर, 1953 खद्दर पर हुआ।
ब्राजील से लौटने पर 1956 के वार्षिकोत्सव के समारोह में इसे राजा साहिब (राजा जोगिंदर सेन जी)को सदन की ओर से भेंट किया गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया, पर यह कहा कि साहित्य सदन में इस चित्र के रहने से अधिक लाभ है, पैलेस में रखने से,अत: उन्होंने सदन को भेंट कर दिया।
फिर 2 अक्टूबर, 1962 को इसे गांधी भवन, मंडी (हि. प्र.) को राजा साहिब की सहमति से भेंट कर दिया गया। 1974 में कई स्थान पर फटी हुई हालत में इसे मुझे वापिस कर दिया। 1999 के बसन्त से इस के फटे हुए स्थानों पर पैच लगाए और इसे दोबारा चित्रित करना शुरू कर दिया है..."।( फिर इसे गांधी भवन में मंच पर पीछे दीवार के साथ स्थापित किया गया था जहाँ इसे आज भी देखा जा सकता है)
-"भवानी दत्त 16.7.2000 साहित्य सदन, मण्डी हिमाचल प्रदेश"
-